बिजनौर: गरीब किसान की गन्ने की फसल पर चला ट्रैक्टर, दबंगों पर लाखों के नुकसान का आरोप

बिजनौर के थाना शेरकोट क्षेत्र के ग्राम पालकी एमन में एक गरीब किसान की खड़ी गन्ने की फसल को गांव के ही कुछ दबंगों द्वारा रात के अंधेरे में जोत डालने का मामला सामने आया है। घटना के बाद पीड़ित किसान और उसके परिवार में भारी आक्रोश और दुख का माहौल है। किसान ने आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है।

जानकारी के अनुसार थाना शेरकोट क्षेत्र के ग्राम पालकी एमन निवासी एक गरीब किसान ने आरोप लगाया है कि बीती रात करीब 1 बजे गांव के ही कुछ दबंग लोग ट्रैक्टर लेकर उसके खेत पर पहुंचे और उसकी खड़ी गन्ने की फसल को जबरन जोत डाला। किसान का कहना है कि उसकी फसल पूरी तरह तैयार थी और इस घटना से उसे लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।


पीड़ित किसान के मुताबिक खेत की हदबंदी के लिए करीब दो साल पहले नींव डाली गई थी, जिससे खेत की सीमा स्पष्ट थी। इसके बावजूद आरोपियों ने नींव पार करते हुए उसकी जमीन में घुसकर फसल को नष्ट कर दिया। किसान ने आरोप लगाया कि दबंग लंबे समय से जमीन पर कब्जा करने की नीयत से उसे परेशान कर रहे थे।
सुबह जब किसान खेत पर पहुंचा तो खड़ी गन्ने की फसल पूरी तरह बर्बाद देख उसके होश उड़ गए। घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
उधर पीड़ित किसान ने थाना शेरकोट पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ नामजद तहरीर दी है और पुलिस प्रशासन से न्याय दिलाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *