
बेल्ट और लात-घूसों से युवक की पिटाई, वीडियो वायरल ।
चांदपुर(बिजनौर) जलीलपुर ब्लॉक क्षेत्र के मैन चौराहे पर दबंगों द्वारा एक युवक की बेरहमी से पिटाई किए जाने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि मामूली विवाद को लेकर शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। दबंगों ने युवक पर बेल्ट, लात और घूंसों से हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मारपीट के दौरान दो युवक घायल हो गए, जिनमें से एक के सिर में गंभीर चोट आई है। घटना के पीछे शराब की दुकान पर मूंग की दाल के पैसे देने को लेकर विवाद बताया जा रहा है। इसी बात पर दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और मामला हिंसक रूप ले बैठा।
पीड़ित पक्ष ने थाना चांदपुर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना चांदपुर पुलिस का कहना है कि वीडियो और शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पूरा मामला थाना चांदपुर क्षेत्र की सीता मठ चौकी अंतर्गत जलीलपुर ब्लॉक का बताया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश है और क्षेत्र में दहशत का माहौल बना हुआ है। मामले में बिजनौर पुलिस द्वारा थाना प्रभारी चांदपुर को जांच कर आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है
