मंडावर में आम के बाग में दिखा गुलदार, वन विभाग की टीम ने संभाला मोर्चा
मंडावर। बिजनौर रोड स्थित पेट्रोल पंप से आगे सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आम के बाग में एक गुलदार पेड़ पर बैठा दिखाई दिया। गुलदार दिखने की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

सूचना पर वन विभाग की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेर लिया। टीम गुलदार को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है। एहतियात के तौर पर पेड़ के चारों तरफ सुरक्षा घेरा बना दिया गया है ताकि कोई व्यक्ति उसके नजदीक न जा सके।
वन विभाग के अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि गुलदार को बिना नुकसान पहुंचाए रेस्क्यू करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे मौके पर भीड़ न लगाएं और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
गुलदार के दिखाई देने से इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। वन विभाग की टीम कई घंटों से रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी है।
