चांदपुर-जलीलपुर रोड पर खड़ी निजी बस धू-धू कर जली, स्थानीय लोगों की तत्परता से टला बड़ा हादसा

चांदपुर(बिजनौर) क्षेत्र में बुधवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चांदपुर-जलीलपुर मार्ग पर सड़क किनारे खड़ी एक निजी बस में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया। आग लगने के बाद बस से उठता धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया, जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार बस सड़क किनारे खड़ी थी और उसमें मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान वेल्डिंग करते समय निकली चिंगारी बस में जा गिरी, जिससे आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने के प्रयास शुरू कर दिए।
बस संचालक कामेश कुमार ने बताया कि बस की मरम्मत की जा रही थी। वेल्डिंग के दौरान निकली चिंगारी से अचानक आग लग गई। उन्होंने बताया कि बस के दो साझेदार हैं, जिनमें दूसरे साझेदार नरेंद्र नूरपुर निवासी हैं। आग लगने से बस को काफी आर्थिक नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए बाल्टियों और अन्य उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग को भी अवगत कराया गया, लेकिन उसके पहुंचने से पहले ही लोगों ने काफी हद तक आग बुझा दी थी। बाद में दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया।
गनीमत रही कि जिस समय आग लगी, उस समय बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था। घटना में किसी के घायल होने या जनहानि की सूचना नहीं है। हालांकि बस को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद क्षेत्र में देर तक चर्चा का माहौल बना रहा और लोगों ने इसे बड़ी दुर्घटना टलने के रूप में देखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *