मामूली कहासुनी के बाद खूनी संघर्ष, घर में घुसकर भाई-बहन पर चाकू से हमला।
दो आरोपी गिरफ्तार, अन्य की तलाश में जुटी पुलिस।
अफजलगढ़ (बिजनौर)। नगर के मोहल्ला नायक सराय में मामूली कहासुनी के बाद पड़ोसियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि पड़ोसियों ने घर में घुसकर परिवार के लोगों के साथ मारपीट की और युवक व उसकी बहन पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में युवक घायल हो गया,जबकि बीच-बचाव करने आई बहन की हाथ की एक उंगली कट गई।मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। नगर के मोहल्ला नायक सराय निवासी मुस्कान पुत्री कयामुद्दीन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 28 मई की शाम करीब साढ़े चार बजे उसके भाई बिलाल की मोहल्ले के ही शाहबाज पुत्र इस्लामुद्दीन से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ देर बाद शाहबाज अपने पिता इस्लामुद्दीन के साथ उनके घर पहुंच गया और वहां आते ही उसके पिता कयामुद्दीन के साथ अभद्रता करते हुए थप्पड़ मार दिया। पीड़िता के अनुसार परिवार के लोगों ने विरोध किया तो विवाद और बढ़ गया। इसी दौरान शाहबाज के भाई शादाब,फैसल और रिहान भी मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि सभी ने मिलकर परिवार के साथ मारपीट शुरू कर दी।

इसी दौरान शादाब ने उसके भाई बिलाल पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। शोर-शराबा सुनकर बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन अदीबा पर भी चाकू से हमला किया गया। हमले में अदीबा के दाहिने हाथ की एक उंगली कट गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग एकत्र हो गए। आरोप है कि जाते समय आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राठी व अफजलगढ़ कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने पीड़ितों के बयान, मेडिकल परीक्षण तथा घटनास्थल के निरीक्षण के आधार पर धारा 109(1) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की है। शुक्रवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुकदमे में नामजद आरोपी शादाब (23 वर्ष) तथा शाहबाज उर्फ छोटे (18 वर्ष) पुत्रगण इस्लामुद्दीन निवासी मोहल्ला नायक सराय को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं पुलिस बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।उधर थानाध्यक्ष बिजेंद्र सिंह राठी ने बताया कि पीड़िता मुस्कान की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कस्बा इंचार्ज मनीष कुमार, हेड कांस्टेबल रजनीश कुमार तथा कांस्टेबल विशाल मलिक शामिल रहे।
