तीन दिन बाद पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस।
मानियावाला गांव में वन विभाग को मिली सफलता, पीलीडैम ले जाया गया गुलदार
अफजलगढ़। थाना क्षेत्र के गांव मानियावाला में पिछले कई दिनों से दिखाई दे रहा गुलदार आखिरकार वन विभाग द्वारा लगाए गए पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार के पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम गुलदार को अपने कब्जे में लेकर पीलीडैम रवाना हो गई। रविवार सुबह गांव के कुछ लोग घूमने के लिए निकले थे। इसी दौरान उन्हें गुर्राने की आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखने पर एक गुलदार पिंजरे में कैद मिला। इसकी सूचना गांव में फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।

ग्रामीणों ने तुरंत वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को पिंजरे सहित अपने कब्जे में ले लिया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में लगातार गुलदार दिखाई देने से लोग भयभीत थे। बच्चों और महिलाओं का घरों से निकलना मुश्किल हो गया था। बताया गया कि कुछ दिन पूर्व वन विभाग की टीम ने गांव में दो पिंजरे लगाए थे, जिनमें से एक पिंजरा गांव की उत्तर दिशा में लगाया गया था। उसी पिंजरे में गुलदार कैद हुआ। उधर नगीना रेंजर प्रदीप शर्मा ने बताया कि पिंजरे में कैद गुलदार मादा है, जिसकी उम्र करीब ढाई से तीन वर्ष आंकी गई है। गुलदार को पीलीडैम ले जाया गया है, जहां उसका स्वास्थ्य परीक्षण कराया जाएगा। उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद उसे जंगल में छोड़ा जाएगा। वन विभाग की टीम में वन दरोगा सुनील राजौरा,वन रक्षक अंकित कुमार तथा वॉचर मुजीब शामिल रहे।
