बिजनौर जेल में कैदी की संदिग्ध मौत पर बवाल, परिजनों ने लगाए हत्या के आरोप
बिजनौर में जेल के अंदर एक युवा कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद हड़कंप मच गया। मृतक के परिजनों ने जेल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम हाउस और जजी चौराहे पर जमकर हंगामा किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पोस्टमार्टम हाउस पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

घटना की सूचना मिलते ही डीआईजी मुनिराज जी मुरादाबाद से बिजनौर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। परिजनों का आरोप है कि युवक की जेल में हत्या की गई है और अब मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की जा रही है।
बहुजन पैंथर नेता रोनी कुमार ने कहा कि मृतक के परिजन एक दिन पहले ही जेल में उससे मिलने गए थे। उनका कहना है कि जेल प्रशासन की मिलीभगत के बिना जेल के अंदर एक तिनका तक नहीं जा सकता, ऐसे में रस्सी अंदर कैसे पहुंची, यह बड़ा सवाल है। उन्होंने दावा किया कि युवक ने कुछ दिन पहले मुलाकात के दौरान बताया था कि जेल प्रशासन के कुछ लोग उसकी हत्या करना चाहते हैं।
वहीं रिटायर्ड इंस्पेक्टर दिले राम ने भी मामले को संदिग्ध बताते हुए कहा कि अगर यह सामान्य आत्महत्या होती तो प्रशासन पोस्टमार्टम हाउस पर इतना भारी पुलिस बल तैनात नहीं करता।
हालांकि जेल प्रशासन कैदी द्वारा आत्महत्या किए जाने की बात कह रहा है। वहीं एसपी सिटी कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
