बिजनौर जनपद के थाना चांदपुर क्षेत्र के जलीलपुर में पुलिस चौकी के समीप सरकारी सौर ऊर्जा लाइटों की बैटरियां चोरी होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों में रोष व्याप्त है और पुलिस व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। चोरी की यह वारदात सीतामठ पुलिस चौकी के पास स्थित मुख्य चौराहे पर हुई, जहां कुछ वर्ष पूर्व पुलिस विभाग द्वारा राहगीरों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए सौर ऊर्जा से संचालित हाईमास्ट लाइटें लगवाई गई थीं।
जानकारी के अनुसार बीती रात अज्ञात चोरों ने बड़ी सफाई से सौर ऊर्जा लाइटों के बैटरी बॉक्स तोड़ दिए और चार में से दो बैटरियां चोरी कर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने बैटरी बॉक्स टूटे हुए देखे तो घटना की जानकारी पूरे क्षेत्र में फैल गई। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि जिस स्थान पर चोरी हुई वह पुलिस चौकी से बेहद नजदीक है और बहसूमा-ठाकुरद्वारा राज्य मार्ग का व्यस्त चौराहा माना जाता है, जहां देर रात तक आवाजाही बनी रहती है। इसके बावजूद चोर आसानी से सरकारी संपत्ति चोरी कर ले गए और किसी को भनक तक नहीं लगी। लोगों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रात्रि गश्त पर्याप्त नहीं हो रही है, जिसके चलते चोरी और असामाजिक गतिविधियां बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों और व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से चोरी का शीघ्र खुलासा करने, आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *