नकल के नाम पर वसूली का आरोप, एबीवीपी ने फूंका कॉलेज प्रशासन सहित कॉलेज प्रबंधक रश्मि रावल का पुतला
बिजनौर के धामपुर में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता अनुज शर्मा के साथ परीक्षा केंद्र पर कथित अभद्रता और मारपीट के मामले ने तूल पकड़ लिया है। आरोप है कि शेरकोट क्षेत्र के ग्राम शहजादपुर स्थित बाबू ईश्वरी प्रसाद रावल डिग्री कॉलेज में बीए द्वितीय वर्ष की परीक्षा के दौरान नकल के नाम पर एक हजार रुपये की मांग की गई।

रुपये न देने पर अनुज शर्मा को दूसरी कक्षा में बैठाकर परीक्षा दिलाई गई तथा विरोध करने पर मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के विरोध में एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने धामपुर के नगीना चौराहे पर कॉलेज प्रबंधक रश्मि रावल का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष मजिस्ट्रेट जांच कराने, दोषियों पर कार्रवाई करने तथा छात्रों के उत्पीड़न पर रोक लगाने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा |
